अल्मोड़ा। धौलादेवी ब्लॉक के पनुवानौला कस्बे और ग्राम पंचायत तोली में पिछले चार दिन से पानी की आपूर्ति ठप है। इस कारण लोगों को गंभीर पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। पनुवानौला कस्बे में स्थापित दोनों हैंडपंप भी खराब पड़े हैं। तोली के ग्रामीण करीब तीन किमी दूर स्थित नौले से पानी ला रहे हैं। रविवार को जल संस्थान का टैंकर नहीं पहुंचने से दिक्कत और बढ़ गई है।
मालूम हो कि करीब 15 किमी दूर पनेठ गधेरे से पनुवानौला कस्बे और तोली ग्राम पंचायत के लिए पेयजल योजना बनी हुई है। चार दिन पूर्व पनेठ गधेरे के समीप चट्टान टूट जाने से पेयजल योजना क्षतिग्रस्त पड़ी है। इस कारण पनुवानौला क्षेत्र की करीब दो हजार आबादी और ग्राम पंचायत तोली क्षेत्र में पांच सौ आबादी को गंभीर पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। पनुवानौला कस्बे में जल संस्थान ने दो हैंड पंप स्थापित किए हैं पर यह दोनों हैंडपंप पिछले काफी समय से खराब पड़े हैं। गत दिवस जल संस्थान ने पनुवानौला में दो टैंकर भेजे, लेकिन रविवार को टैंकर नहीं आने से लोगों और व्यापारियों की समस्या बढ़ गई। पनुवानौला में पांडुनौला है, यहां पानी भरने के लिए लोगों की काफी भीड़ लग रही है।
तोली ग्राम पंचायत के लोगों को भी गंभीर जल संकट से जूझना पड़ रहा है। यहां से लोग करीब तीन किमी दूर स्थित नौले से पानी भरकर ला रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि चट्टान खिसकने से पनेठ गधेरे में आए दिन पेयजल योजना क्षतिग्रस्त होते रहती है। तोली की ग्राम प्रधान प्रेमा पांडे, पनुवानौला व्यापार मंडल अध्य्क्ष गोपाल मेहता, हेमंत शाह, जगदीश गैडा, देवेंद्र बिष्ट ने विभाग से जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है। इधर जल संस्थान के अवर अभियंता संतोष दुर्गापाल ने बताया कि क्षतिग्रस्त पेयजल योजना को दुरुस्त कर दिया गया है। लाइन में एअर लॉक होने की वजह से पानी आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जल्द आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।