अल्मोड़ा। जागेश्वर धाम में एक माह तक चलने वाला श्रावणी मेला 16 जुलाई से शुरू होगा। अपर जिलाधिकारी केएस टोलिया ने जागेश्वर में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर मेले की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 12 जुलाई तक सभी तैयारियां पूरी कर लें। बाद में उन्होंने मेला क्षेत्र परिसर का निरीक्षण भी किया।
एडीएम ने कहा कि जल संस्थान पानी की टंकियों की सफाई कर ले। बिजली विभाग प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखे। जिला पंचायत कूड़ेदान लगाए। लोनिवि को निर्देशित किया कि आरतोला से जागेश्वर तक तीन किमी मोटर मार्ग के किनारे नालियों की सफाई कराएं और सड़क के किनारे पड़े पत्थरों को हटाएं, ताकि यातायात व्यवस्था दुरुस्त रहे। यह सभी कार्य 12 जुलाई तक पूरे हो जाने चाहिए।
सरकारी विभागों को स्टॉल लगाने के लिए 14 जुलाई तक तैयारी पूऱी कर लेने को कहा। जागेश्वर में बैरियर से आगे गाड़ियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। क्षेत्र में शराब और पॉलिथीन, प्लास्टिक का प्रयोग प्रतिबंधित किया गया है। जागेश्वर मंदिर समिति के प्रबंधक प्रकाश भट्ट ने भी सुझाव रखे।
तय हुआ कि मेला परिसर में कुल 64 अस्थायी दुकानें लगाई जाएंगी। बैठक के पश्चात 46 लोगों को अस्थायी दुकानों का आवंटन किया गया। निर्देश दिए गए कि प्रत्येक व्यापारी दुकान में डस्टबिन के अलावा आग से सुरक्षात्मक उपाय के लिए पानी और रेत भी रखेगा। बैठक में एसडीएम अवधेश कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक आरएस टोलिया, मंदिर समिति के उपाध्यक्ष गिरीश भट्ट, पुजारी प्रतिनिधि सदस्य राम चंद्र भट्ट, डीईओ माध्यमिक हर्ष बहादुर चंद, उरेडा के पीएस रावत आदि विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।