कोसी में बाढ़ से नगर में फिर ठप हुई पेयजल आपूर्ति
अल्मोड़ा। बारिश के कारण कोसी नदी में बाढ़ आने से मंगलवार को नगर में पेयजल आपूर्ति ठप रही। इस दौरान कोसी स्थित जल संस्थान के पंप रात भर बंद रहे। जिन घरों के आसपास जल धारे और नौले थे लोगों ने वहां से पानी भरा जबकि अन्य लोग पानी के बिना दिन भर परेशान दिखे।
सोमवार शाम को नगर क्षेत्र में और रात के वक्त सोमेश्वर क्षेत्र में बारिश होने के कारण कोसी नदी में बाढ़ आ गई। जिससे जल संस्थान को कोसी स्थित पंप हाउस के तीनों पंपों को एहतियातन बंद करना पड़ा। रात करीब 11 बजे से सुबह पांच बजे तक छह घंटे पंप हाउस बंद रहने से नगर के पेयजल टैंकों में पानी सप्लाई नहीं किया जा सका। गर्मियों के दिनों में पानी की कमी के कारण नगर क्षेत्र के लोग काफी परेशान रहे। रानीधारा, ढूंगाधारा, पोखरखाली, नंदादेवी, बाजार, लक्ष्मेश्वर, जाखनदेवी, पांडेखोला, चंपानौला, मालरोड, नरसिंह बाड़ी, खत्याड़ी आदि कई इलाकों में पानी नहीं आया। जल संस्थान के जेई बचे सिंह देवड़ी ने बताया कि सुबह पांच बजे बाद पंप चलने शुरू हो गए। बुधवार को पानी की आपूर्ति होने की संभावना है।