रविवार को हुए नगर व्यापार मंडल चुनाव के लिए मतदान शांति पूर्वक संपन्न हुआ। मतदाताओं में उत्साह रहा। प्रात: आठ बजे से ही वोट देने को व्यापारियों की लाइन लगनी शुरू हो गई। भीड़ के चलते मतदान निर्धारित समय दो बजे के बजाए तीन बजे तक चलता रहा। करीब 90 फीसदी व्यापारियों ने वोट डाले। शाम को मतगणना शुरु हो गई और देर रात तक परिणाम घोषित होने की उम्मीद है। सुरक्षा के लिहाज से मतदान स्थल पर काफी पुलिस बल भी तैनात था।
मतदान स्थल रैमजे इंटर कालेज में प्रात: आठ बजे से वोटिंग शुरु हुई। मतदान के लिए चार पोलिंग बूथ बनाए गए थे। दस बजे बाद सभी बूथों में व्यापारियों की लाइनें लग गई। चुनाव संचालन समिति ने मतदान के लिए दिन में दो बजे तक का समय निर्धारित किया था, लेकिन मतदान तय समय से एक घंटा अधिक करीब तीन बजे तक चला। पंजीकृत 2334 मतदाताओं में से 2099 ने वोट डाले। शाम 5:30 बजे बाद मतगणना शुरू हो गई, मतगणना के लिए दो टेबल लगाई गई हैं। परिणाम देर रात तक घोषित होने की उम्मीद है। मतदान केंद्र के बाहर बाजार में प्रत्याशियों के समर्थकों की भी खासी भीड़ रही।
मतदान संपन्न कराने में मुख्य चुनाव अधिकारी श्याम लाल साह, सहायक चुनाव अधिकारी ललित सिंह कार्की, संजय अग्रवाल, सूरज साह, किशन गुरुरानी, गिरीश धवन, हरिकृष्ण खत्री, गिरीश मल्होत्रा, पूरन सिंह मेहता, दीप भट्ट, दीप लाल साह, जगदीश चंद्र पांडे आदि ने सहयोग दिया। व्यापार मंडल कार्यकारिणी के छह पदों के लिए 21 प्रत्याशी मैदान में हैं।