अल्मोड़ा। नगर के कई इलाकों में पेयजल किल्लत बढ़ने लगी है। मंगलवार रात खराबी आने से एडम्स पेयजल पंप आठ घंटे नहीं चला। वहीं नगर के चीनाखान क्षेत्र में तीन दिन पानी की आपूर्ति नहीं हुई। पूर्वी पोखरखाली और आसपास के मोहल्लों में बुधवार को पानी सप्लाई नहीं हुआ।
मंगलवार रात 12 बजे एडम्स पंप हाउस में खराबी आ गई। इसके चलते बुधवार चीनाखान, पूर्वी पोखरखाली, एडम्स और आसपास के क्षेत्रों में पानी सप्लाई नहीं हुआ। वहीं चीनाखान क्षेत्र में पिछले तीन दिन से पानी नहीं आ रहा है।
जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता केएस खाती ने बताया कि रात्रि में 12 बजे एडम्स पेयजल पंप में खराबी आ गई थी। पंप बुधवार सुबह आठ बजे ठीक हो सका। जिस कारण एडम्स पंप से लाभान्वित होने वाले क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी।
चीनाखान क्षेत्र में पानी की समस्या को लेकर अवर अभियंता को क्षेत्र में भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि बुधवार को टैंकरों से पांडेखोला, एनटीडी, करबला, धूरा, शैल, डीनपानी, बड्यूड़ा आदि क्षेत्रों में पानी बांटा गया।