गरुड़ (बागेश्वर)। थाना बैजनाथ पुलिस की अनदेखी से गरुड़ बाजार की यातायात व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई है। सोमवार को गरुड़ बाजार में गरुड़-कौसानी मोटर मार्ग पर आधा घंटे तक जाम लगने से लोगों को काफी दिक्कतों से जूझना पड़ा।
गरुड़ बाजार में सोमवार को करीब ढाई बजे उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के पास अचानक जाम लग गया। ग्रामीण बैंक के पास एक स्कूल के एक दर्जन से अधिक वाहनों खड़ा होना और बाजार में ट्रकों से सामान अनलोड होना इसका मुख्य कारण रहा। जाम लगने से ग्रामीण बैंक से राजकीय इंटर कालेज बीच वाहनों की लंबी कतार लग गई। यातायात पुलिस को यातायात सुचारु करने में आधा घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। जाम से परेशान व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से गरुड़ बाजार की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। एसपी बागेश्वर लोकेश्वर सिंह थानाध्यक्ष बैजनाथ और यातायात प्रभारी बैजनाथ से गरुड़ बाजार की यातायात व्यवस्था शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।