रानीखेत (अल्मोड़ा)। तहसील के सुदूरवर्ती नानीसार के जंगल में युवक का शव बरामद होने के बाद वहां हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि युवक सुबह से गायब था। खोजबीन के बाद अपराह्न साथियों ने उसका शव जंगल में देखा तो राजस्व पुलिस को सूचित किया। शव के पास ही जहर की शीशी भी बरामद हुई है। मामले में अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत अस्पताल में भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार देहोली चौबटिया गांव निवासी कुलदीप सिंह पुत्र स्व. टीका सिंह 43 वर्ष नानीसार में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय स्कूल में मजदूरी का कार्य करता था और नानीसार में ही किराए के कमरे में रहता था। बताया जा रहा है कि कुलदीप सोमवार की सुबह से ही लापता था। साथी दिन भर उसे खोजते रहे।
अपराह्न कुलदीप को साथियों ने उसे जंगल में लेटा देखा तो उनके होश उड़ गए। सूचना मिलने के बाद वहां ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। पटवारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि सूचना के बाद जब वह मौके पर पहुंचे तो तब तक कुलदीप की मौत हो चुकी थी, उसके मुंह से झाग निकल रहा था।
उन्होंने बताया कि सूचना परिजनों को दी गई। परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरा गया और पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेज दिया गया है। राजस्व पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।