अल्मोड़ा। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर जिले में नोडल, प्रभारी अधिकारी और सहायक प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से सभी प्रभारियों को निर्वाचन व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं। इधर एनआईसी में मतदान कार्मिकों का डाटाबेस तैयार होने लगा है।
निर्वाचन व्यवस्थाओं के लिए जिला स्तर पर मतदान से लेकर मतगणना तक 30 नोडल, प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गई है। सभी को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। एडीओ शंकर राम ने बताया कि सभी नोडल अधिकारियों, प्रभारियों को इस दौरान मोबाइल ऑन रखने के निर्देश मिले हैं।
उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए ग्रामवार ईवीएम, वीवीपैट का प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके अलावा इन दिनों संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदेय स्थलों की चिन्हीकरण कार्रवाई भी चल रही है। उधर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र में उत्तराखंड इलेक्शन कमीशन के साफ्टवेयर में मतदान कार्मिकों का डाटाबेस तैयार किया जा रहा है।