अल्मोड़ा। राज्यसभा सांसद और कांग्रेस नेता प्रदीप टम्टा ने कहा कि अब लोकसभा के अगले चुनाव करीब हैं, लेकिन केंद्र सरकार के साथ ही स्थानीय सांसद और केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा ने उत्तराखंड और अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र के लिए कुछ नहीं किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास का नारा देने के साथ ही आठ करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात कही थी पर धरातल में कुछ नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों पर संविधान को बचाने की जिम्मेदारी है वही आज संविधान को खत्म करने की साजिश कर रहे हैं।
यहां शिखर सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए टम्टा ने कहा कि केंद्र सरकार का पांच साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जवाब देना चाहिए कि उन्होंने पांच साल पहले जनता से जो वायदे किए थे वह कितने पूरे कर पाए हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की बात कहने वाली भाजपा सरकार आज तक लोकपाल की नियुक्ति नहीं कर सकी है।
विदेशों से काला धन तो नहीं आया उल्टा नीरव मोदी जैसे लोग देश के लोगों की हजारों करोड़ की ईमानदारी की कमाई लेकर भाग गए। उन्होंने आरोप लगाया कि राफेल विमान सौदे में प्रधानमंत्री मोदी पर आरोप लगे हैं। इस पर जेपीसी से जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं पर सुप्रीम कोर्ट को धमकाने का आरोप भी लगाया।
टम्टा ने स्थानीय सांसद और केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा को भी निशाने पर लिया और कहा कि उन्होंने पांच साल के कार्यकाल में कुछ नहीं किया है।
कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान अल्मोड़ा में पांच करोड़ रुपये लागत से विज्ञान केंद्र की मंजूरी दी गई थी, लेकिन इस पर आज तक कोई काम नहीं हुआ है। प्रस्तावित टनकपुर-बागेश्वर, रामनगर-चौखुटिया और टनकपुर-जौलजीबी रेल लाइनों और सड़कों के लिए कोई पैसा मंजूर नहीं हुआ। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक मनोज तिवारी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष पूरन रौतेला, तारु जोशी, राजेंद्र बाराकोटी, मनोज वर्मा आदि मौजूद थे।