अल्मोड़ा। नगर निकाय चुनाव में इस बार नगर पालिका अल्मोड़ा में चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की संख्या पिछली बार की अपेक्षा संख्या कम है। इस बार दो नए वार्ड रैलापाली और दुगालखोला के प्रत्याशियों की संख्या को भी अगर जोड़ दें तो यह पिछली बार की अपेक्षा कम है। पिछली बार अध्यक्ष समेत सभासदों की संख्या 68 तो इस बार यह संख्या 61 है।
2013 के नगर निकाय चुनाव में अल्मोड़ा नगर पालिका के अंतर्गत अध्यक्ष पद के लिए दस प्रत्याशियों ने भाग्य आजमाया था। 2013 में 13 वार्ड पालिका में शामिल थे। जिनमें सेलाखोला, बद्रेश्वर वार्ड में तीन-तीन, रामशिला, त्रिपुरा सुंदरी, लक्ष्मेश्वर वार्ड में छह-छह, एनटीडी में आठ, राजपुर में नौ, नंदादेवी वार्ड में सात, विवेकानंदपुरी और बालेश्वर वार्ड में चार-चार और मुरली मनोहर वार्ड में सबसे कम दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में खड़े थे।
कुल मिलाकर पांच साल पहले 68 प्रत्याशी चुनाव मैदान में खड़े हुए थे। इस बार अध्यक्ष पद में दस प्रत्याशियों के अलावा सेलाखोला-रामशिला, एनटीडी, त्रिपुरा सुंदरी, मुरली मनोहर और नए वार्ड दुगालखोला में तीन-तीन प्रत्याशी ही भाग्य आजमा रहे हैं। इसके अलावा बद्रेश्वर, लक्ष्मेश्वर, विवेकानंदपुरी, राजपुरा वार्ड में चार-चार, नंदादेवी और नए वार्ड रैलापानी में पांच-पांच और बालेश्वर वार्ड में सात उम्मीदवार चुनाव मैदान में खड़े हैं। इस बार 61 प्रत्याशी ही चुनाव मैदान में खड़े हैं।