अल्मोड़ा। जगत सिंह बिष्ट राजकीय होटल मैनेजमेंट संस्थान में नए प्रवेशार्थियों के लिए पहली बार ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू हो गई है। उत्तराखंड तकनीकी विवि देहरादून द्वारा कराई जा रही ऑनलाइन काउंसलिंग में अब तक 30 बच्चों की काउंसलिंग हो चुकी है। जबकि 12 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश भी ले लिया है।
राजकीय होटल मैनेजमेंट संस्थान के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग में लगातार छात्र-छात्राओं के आवेदन आ रहे हैं। पहली काउंसलिंग शुरू होने के बाद छात्र संस्थान में प्रवेश भी लेने लगे हैं। मालूम हो कि राजकीय होटल मैनेजमेंट संस्थान में पिछली बार 60 सीटों के लिए केवल 29 बच्चों को ही प्रवेश मिला था।
बाकी सीटें खाली रही थीं। लेकिन इस बार मैनेजमेंट संस्थान के शिक्षक इस प्रयास में लगे हैं कि काउंसलिंग के दौरान अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को यहां प्रवेश मिल सके। संस्थान के प्रवक्ता धीरेंद्र सिंह मर्तोलिया ने बताया कि पहली काउंसलिंग के बाद 12 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश ले लिया है। काउंसलिंग 28 जुलाई तक चलेगी। उसके बाद नई लिस्ट जारी होगी और फिर दूसरी काउंसलिंग शुरू होगी।