अल्मोड़ा। जिला खेलकूद कार्यालय में भारी अनियमितता मिलने पर प्रभारी जिलाधिकारी ने जिला खेल अधिकारी समेत कार्यालय के दो अन्य कर्मचारियों के वेतन पर रोक लगाते हुए परियोजना निदेशक की अध्यक्षता में जांच कमेटी बैठा दी है।
शुक्रवार को प्रभारी जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला खेल कूद कार्यालय के अभिलेखों और बिलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्हें खेलकूद कार्यालय के अभिलेखों और बिलों में कई अनियमितता देखने को मिली। इस पर उन्होंने मौके पर ही जिला खेल अधिकारी सीएल वर्मा समेत कार्यालय में कार्यरत कनिष्ठ सहायक भगवती प्रसाद गौड़, कंप्यूटर आपरेटर जसवंत सिंह के वेतन पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कार्यालय की कई शिकायतें उनके पास आ रही थी। उन्होंने अनियमितताओं की जांच के लिए परियोजना निदेशक डीआरडीए की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित करते हुए जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए। कमेटी में परियोजना निदेशक के अलावा मुख्य कोषाधिकारी और अर्थ एवं संख्या अधिकारी को नामित किया गया है।