अल्मोड़ा। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद की बैठक में वक्ताओं ने कर्मचारियों को माह के पहले सप्ताह तक वेतन का भुगतान न करने पर आठ जून से गेट बंद कार्य बहिष्कार करने का ऐलान किया। डिपो में पानी न होने के कारण न तो वाहनों की धुलाई हो रही है और न ही कर्मचारियों को पेयजल मिल पा रहा है।
डिपो में टायर आदि कलपुर्जों की भारी कमी के कारण वाहन खड़े हैं। इस कारण विभाग को प्रतिदिन डेढ़ साल का नुकसान हो रहा है। चालकों, तकनीकी कर्मचारियों के खाली पदों पर नियुक्ति की जाए। उन्होंने मुख्यालय के निर्देशानुसार कर्मचारियों का पटल परिवर्तन करने, विद्युत फिटिंग सही ढंग से कराने, ईपीएफ की कटौती बेसिक वेतन, महंगाई भत्ते का 12 प्रतिशत करने की मांग की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की तर्ज पर उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारियों को मेडिकल भत्ता 100 रुपये प्रतिमाह, प्रदूषण भत्ता 12 रुपये प्रतिमाह दिया जाए। अल्मोड़ा डिपो के कर्मचारियों के वेतन से वित्तीय वर्ष 2011-12 में ईपीएफ कटौती तो की गई लेकिन उक्त राशि को कर्मचारियों के खाते में जमा नहीं किया गया। इसे शीघ्र खाते में जमा किया जाए। डिपो अध्यक्ष गोविंद प्रसाद टम्टा की अध्यक्षता में डिपो मंत्री सुरेश सिंह नेगी ने संचालन किया। बैठक में प्रांतीय संगठन मंत्री उमेश भट्ट, क्षेत्रीय पदाधिकारी राम दत्त पपनै, रमेश जोशी, चंदन सिंह राणा, महेंद्र लाल, हरीश पांडे, जीडी जोशी, आनंदी शुक्ला, भगवती नेगी, नरेंद्र सिंह ऐरी, तारा दत्त जोशी, मो. अजीम, अनूप जोशी, भरत लाल टम्टा, धीरज लटवाल आदि थे।