अल्मोड़ा। बुधवार दिन में फलसीमा के जंगल की आग आईटीआई परिसर तक पहुंच गई। जिससे आईटीआई परिसर में मौजूद शिक्षकों और छात्रों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों और छात्रों ने संस्थान के अंदर रखे फायर उपकरणों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग नहीं बुझी तो फायर सर्विस को सूचना दी गई। जिसके बाद करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका। जिससे आईटीआई का भवन बाल-बाल बच गया।
एनटीडी-चितई मार्ग के पास फलसीमा के जंगल में बुधवार दिन में आग लग गई। आग फैलते हुए वहां स्थित आईटीआई परिसर तक जा पहुंची। परिसर में मौजूद संस्थान के प्रधानाचार्य दीपक कुमार चौधरी ने आग परिसर तक फैलते हुए देखी तो उन्होंने कर्मचारियों और छात्रों को सूचना दी। इस दौरान कर्मचारियों और छात्रों ने संस्थान में रखे अग्रिशमन उपकरणों से आग बुझाने का प्रयास किया। आग जंगल के चारों तरफ फैली हुई थी।
फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मुख्य अग्रिशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव के नेतृत्व में फायर वाहन और कर्मचारी आईटीआई परिसर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फायर ब्रिगेड की मदद से आईटीआई भवन बाल-बाल बच गया। संस्थान के प्रधानाचार्य ने बताया कि आग से परिसर को कोई नुकसान नहीं हुआ।
आग बुझाने वालों में फायर सर्विस के प्रभारी अग्रिशमन अधिकारी गिरीश सिंह बिष्ट, राज कुमार राणा, कुंवर सिंह राणा, उमेश हरड़िया, मोहन सिंह, विनोद भंडारी, हेम पांडे शामिल थे। इधर पांडेखोला और विश्वनाथ के निकट के जंगलों में भी आग लग गई। बताया गया है कि इन स्थानों पर वन कर्मियों को रवाना कर दिया गया है। यह भी बताया गया है कि बीते दिनों स्याहीदेवी के जंगल में लगी आग बुझा दी गई है।