अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवहन निगम के जिला मुख्यालय स्थित डिपो में चालक-परिचलाकों के कई पद खाली हैं। इस कमी के कारण परिवहन निगम की कई सेवाओं का संचालन नहीं हो पा रहा है, जिससे डिपो को प्रतिदिन एक लाख रुपये से अधिक का घाटा हो रहा है। यात्रियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उत्तराखंड परिवहन निगम के अल्मोड़ा डिपो में चालकों के 120 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 34 पद खाली है। परिचलाकों के 120 स्वीकृत पदों के सापेक्ष 44 पद रिक्त हैं। चालकों की कमी के चलते अल्मोड़ा डिपो से सुबह सात बजे संचालित अल्मोड़ा-दिल्ली, अल्मोड़ा-सिमलखेत-दिल्ली और सुबह नौ बजे चलने वाली अल्मोड़ा-मेरठ आदि सेवाओं का संचालन ठप है। तीन सेवाओं का संचालन नहीं होने के कारण परिवहन निगम को प्रतिदिन एक लाख रुपये से अधिक का घाटा हो रहा है और दिल्ली, मेरठ, सिमलखेत जाने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अल्मोड़ा डिपो से पूर्व में पर्वतीय क्षेत्रों में संचालित होने वाली अल्मोड़ा-भनोली, अल्मोड़ा-दन्यां, अल्मोड़ा-चेलछीना, अल्मोड़ा-खेती-भनोली, अल्मोड़ा-ग्वालदम-बरेली, अल्मोड़ा-शीतलाखेत, अल्मोड़ा-देवाल-बरेली, अल्मोड़ा-पिथौरागढ़-झूलाघाट, अल्मोड़ा-धारचूला, अल्मोड़ा-लमगड़ा-बरेली, अल्मोड़ा-थराली-बरेली, अल्मोड़ा-टनकपुर आदि सेवाएं भी ठप हैं। कर्मचारी संगठन डिपो में चालक, परिचालकों की नियुक्ति की मांग करते आ रहे हैं लेकिन खाली पद नहीं भरे जा रहे हैं।