अल्मोड़ा। श्रमिकों ने श्रम प्रवर्तन कार्यालय में पंजीकरण कराने में हो रही दिक्कतों को दूर करने की मांग की है। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
धौलादेवी ब्लॉक के श्रमिकों ने बताया कि श्रमिकों को श्रम प्रवर्तन अधिकारी कार्यालय में पंजीकरण कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि डणाऊं और कफलनी के श्रमिकों ने श्रम प्रवर्तन कार्यालय में 11 नवंबर 2016 को पंजीकरण के लिए आवेदन पत्र जमा किए थे, लेकिन अब तक श्रमिकों के फिंगर प्रिंट तक नहीं लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सप्ताह में एक दिन फिंगर प्रिंट और स्मार्ट कार्ड दिया जाना तय है। एक दिन होने के कारण श्रमिकों का जमावड़ा लग जाता है। कई बार नेट खराब हो जा रहा है तो कभी कर्मचारी छुट्टी में होने के कारण श्रमिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि श्रमिक दूर-दूर से श्रम कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन काम नहीं होने के कारण उन्हें निराश होकर घरों का लौटना पड़ता है। उन्होंने जिलाधिकारी से समस्या का समाधान करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में शंकर दत्त, किशन चंद्र, दीपा देवी, गणेश दत्त आदि श्रमिक शामिल हैं।