अल्मोड़ा। चालकों की कमी के कारण उत्तराखंड परिवहन निगम के अल्मोड़ा डिपो की अल्मोड़ा-दिल्ली, अल्मोड़ा-धारचूला-देहरादून, अल्मोड़ा-द्वाराहाट-कफड़ा सेवाओं का संचालन ठप हो गया है। बस सेवा नहीं होने कारण यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बस सेवा शीघ्र शुरू नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
उत्तराखंड परिवहन निगम के जिला मुख्यालय स्थित डिपो में चालक, परिचालकों की कमी बनी हुई है। चालकों की कमी के कारण पिछले एक महीने से दिल्ली को सुबह सात बजे जाने वाली अल्मोड़ा-दिल्ली के अलरवा अल्मोड़ा-धारचूला-देहरादून, अल्मोड़ा-द्वाराहाट-कफड़ा सेवाओं का संचालन ठप पड़ा है। खासकर द्वाराहाट कफड़ा को बस सेवा नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों में आक्रोश है। द्वाराहाट के लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर बस सेवा का शीघ्र संचालन करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि एक सप्ताह पूर्व तक बस सेवा का नियमित संचालन किया गया, लेकिन विगत चार दिनों से अल्मोड़ा-द्वाराहाट-कफड़ा सेवा का संचालन ठप पड़ा है। बस सेवा का संचालन नहीं होने से द्वाराहाट समेत बिंता, बग्वालीपोखर, कुंवाली, कोरीछीना, दौलाघट, गोविंदपुर के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बस सेवा का संचालन नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में कुंवर बजेठा, उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी वीरेंद्र बजेठा, क्षेत्र पंचायत सदस्य नारायण अधिकारी, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख चंदन नेगी, हरीश बिष्ट, कांग्रेस आईटी प्रकोष्ठ के नारायण रावत, मोहन तिवारी, भगवती देवी, राम सिंह राणा आदि मौजूद थे।