अल्मोड़ा। बीएसएनएल की मोबाइल सेवा में खराबी आने से उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कॉल ड्राप की समस्या से बात करने के लिए कई बार फोन मिलाने पड़ रहे हैं। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने इस संबंध में बीएसएनएल के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि बीएसएनएल नेटवर्क पिछले काफी समय से खराब है। कॉल ड्राप से लोगों को समस्या हो रही है। नेटवर्क की खराबी से न तो मोबाइल पर बात हो पा रही है और न ही आने वाले कॉल पर आवाज सुनाई दे रही है। बीएसएनएल द्वारा कोई सुधार नहीं किए जाने से समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।
पालिकाध्यक्ष ने महाप्रबंधक से जनहित को देखते हुए बीएसएनएल नेटवर्क की खराबी को दूर करवाने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। उनका कहना है कि इसके अलावा कई स्थानों पर इंटरनेट कनेक्टिविटी भी बधित है।