अल्मोड़ा। 12 दिसंबर से शुरू होने वाले खेल महाकुंभ को लेकर अधिकारियों की बैठक लेते हुए परियोजना निदेशक नरेश कुमार ने बताया कि न्याय पंचायत स्तर से शुरू होने वाले खेल महाकुंभ में विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएंगी। जिनमें एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल, बैडमिंटन, बॉक्सिंग आदि शामिल हैं।
इसके अलावा विभिन्न वर्गों में प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। जिसमें अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक-बालिका एवं 19 से 25 आयु वर्ग की महिलाएं शामिल हैं।
उन्होंने न्याय पंचायत स्तर पर मैदान तैयार करते हुए खेलकूद के सामान की व्यवस्थाएं करने के साथ मैदान में पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा अनिवार्य रूप से रखने को कहा।
इस दौरान उन्होंने खेल महाकुंभ के सफल संचालन के लिए न्याय पंचायत, ब्लॉक, जिला स्तर पर कमेटी का गठन करते हुए उनके उत्तरदायित्व भी निर्धारित करने को कहा। बैठक में खेल अधिकारी सीएल वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी बीएस दुगताल, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक एचबी चंद, निरीक्षक कोतवाली अरुण वर्मा, युवा कल्याण अधिकारी डीपीएस नेगी मौजूद थे।