अल्मोड़ा। गायत्री परिवार द्वारा 10 अक्तूबर नवरात्र से पशु बलि, नशे और गंदगी के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। चितई समेत अन्य मंदिरों में पशु बलि पर अंकुश लगाने के लिए गायत्री परिजनों के शिष्टमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा है।
गायत्री परिजनों ने अधिकारियों को बताया कि पिछले कई वर्षों से इन मुद्दों को लेकर गायत्री परिवार जनजागरण अभियान चला रहा है। नवरात्र पर चितई गोलू देवता मंदिर में पशु बलि पर पूर्ण रोक के लिए इस बार भी जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से पुष्प, दूध, नारियल आदि से सात्विक विधि से पूजा करने की अपील की।
पशुबलि के अलावा नशे के खिलाफ भी जनजागरण करने, स्वच्छता के साथ ही हेलमेट पहनने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। शिष्टमंडल में भीम सिंह अधिकारी, दीपा जोशी, डॉ. जेसी दुर्गापाल, डॉ. मंजू बोरा, अर्जुन सिंह नेगी, मोहन पांडे, विद्योतमा जोशी, मंजू तिवारी, आरएस बिष्ट, ओजस्वी, संस्कृति, प्रियंका, अराध्या, ललिता लोहनी, भावना मनकोटी, चंपा जोशी, लीला जोशी, सरोज मेलकानी आदि शामिल थे।