अल्मोड़ा। एजूकेशनल मिनिस्टीरियल आफीसर्स एसोसिएशन के मंडलीय सचिव धीरेंद्र कुमार पाठक ने अपर निदेशक प्रारंभिक शिक्षा के पद पर स्थायी नियुक्ति करने की मांग की। उन्होंने इस मामले में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक को ज्ञापन भेजा है।
उन्होंने कहा कि कुमाऊं मंडल नैनीताल में अपर निदेशक प्रारंभिक शिक्षा का पद जून के अंतिम सप्ताह से रिक्त है। जिस कारण नीतिगत मामलों में तत्काल निर्णय नहीं होने के कारण मिनिस्टीरियल संवर्ग में रोष है। वर्तमान में अधिसंख्य पदों पर कार्यरत सदस्यों के कनिष्ठ सहायक के पद पर समायोजन, अनुरोध और अनिवार्य स्थानांतरण की सूची भी जारी नहीं हो पाई है। अपर निदेशक माध्यमिक का पद भी रिक्त है।
वर्तमान में नैनीताल जिले में मुख्य शिक्षाधिकारी को प्रभारी का दायित्व दिया गया है। प्रदेश में कुल दो मंडल होने के बाद भी एक मंडल में शीर्षस्थ दोनों अधिकारियों के पद रिक्त हैं। आहरण वितरण अधिकारी के हस्ताक्षर कराने के लिए अन्य विद्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं जो कार्मिकों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।