अल्मोड़ा। कुमाऊं विश्वविद्यालय योग शिक्षा विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 21 मई से 21 जून तक विभिन्न स्थानों पर योग शिविर आयोजित किए जाएंगे। योग विभाग का इस अवधि में सौ से अधिक केंद्रों पर एक लाख से अधिक लोगों तक योग शिक्षा पहुंचने का लक्ष्य है। परिसर के सिमकनी मैदान खत्याड़ी में सोमवार 21 मई को सुबह छह बजे योग शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि विस उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, एसएसपी पी रेणुका देवी, आवासीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एचएस धामी करेंगे।
परिसर के योग विभाग सभागार में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन भट्ट ने बताया कि केंद्रीय योग प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद, आयुष मंत्रालय भारत सरकर और कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल द्वारा योग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। सिमकनी मैदान खत्याड़ी में विशाल योग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का उद्घाटन सोमवार 21 मई को सुबह छह बजे होगा। उन्होंने बताया कि योग शिविर की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। योग शिविर सुबह और शाम आयोजित होगा।
21 मई से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून तक करीब सौ केंद्रों पर योग शिविर आयोजित कर एक लाख लोगों तक योग शिक्षा का लाभ पहुंचाया जाएगा। इन केंद्रों में असाध्य बीमारियों, रक्तचाप, गठिया, तनाव, अस्थमा आदि का निशुल्क उपचार कर स्वास्थ्य लाभ भी प्रदान किया जाएगा। शिविर के लिए घर-घर लोगों से संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने सिमकनी मैदान में आयोजित योग शिविर में अधिक से अधिक लोगों से भागीदारी का आह्वान किया है। बैठक में लल्लन सिंह समेत सभी योग प्रशिक्षुओं ने भाग लिया।