अल्मोड़ा। ताकुला ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में भाजपा सरकार से पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत द्वारा की गई घोषणाओं पर अमल कर उन्हें धरातल पर उतरने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि विकास कार्यों का लाभ क्षेत्रवासियों को मिलना चाहिए।
मुख्य अतिथि अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष राजेंद्र बाराकोटी ने कहा कि चार अगस्त को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सुनौली गांव में पूर्व मंत्री सोबन सिंह जीना के मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में पहुंच रहे हैं, उनका क्षेत्रवासियों की ओर से स्वागत है, लेकिन पूर्व मंत्री जीना को सच्ची श्रद्धांजलि तभी मानी जाएगी जब पूर्व सीएम हरीश रावत द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए की गई घोषणाओं को कार्यरूपदिया जाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में 13 सड़कों का शासनादेश जारी हुआ। कपडख़ान-भेटुली सड़क का छह किमी विस्तारीकरण कार्य स्वीकृत है। उस समय क्षेत्रीय विधायक रेखा आर्या ही थीं, लेकिन काम शुरू नहीं हो पाया है। बसौली आईटीआई, ताकुला पालीटेक्निक में अतिरिक्त ट्रेडों की स्वीकृति, शहीद मोहन सिंह मोटर मार्ग का बसौली में मिलान, सोमेश्वर में महिला बेस अस्पताल आदि विकास कार्यों की घोषणाओं को मुख्यमंत्री धरातल पर उतारें। कांग्रेस जिला महामंत्री दिनेश पिलख्वाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन से क्षेत्रवासियों को लाभ मिलना चाहिए। अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश शास्त्री और संचालन महामंत्री मदन बिष्ट ने किया। बैठक में पूर्व अध्यक्ष पूरन सुयाल, तारा दत्त डंगवाल, नंदन नगरकोटी, महेश नेगी, योगेश बाराकोटी, सुनील बाराकोटी, वीरेंद्र भोज, हयात भोज, दीवान राम, चंदन भोज, राजेंद्र राम, विक्रम बिष्ट, विनोद आर्या, भुवन राम, हर्ष सिंह, आशीष भाकुनी, बहादुर मेहता, दीपक बिष्ट आदि ने भाग लिया।