रमनागांव में खेतों में मरा मिला तेंदुआ
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। ग्राम पंचायत रमनागांव में एक मृत तेंदुआ पड़ा मिला है। जिसे पोस्टमार्टम के बाद जला दिया गया है। बताया गया है कि तेंदुए के शरीर पर नाखून आदि के निशान थे। जिससे उसके आपसी संघर्ष में मारे जाने की बात कही गई है।
वन क्षेत्र जौरासी के अंतर्गत रमनेागांव में रोपाई वाले खेतों में एक तेंदुए का शव पड़ा मिला है। उप वनक्षेत्राधिकारी विक्रम कैड़ा ने बताया कि मृत मादा तेंदुए की उम्र एक साल थी, जबकि लंबाई पांच फुट दो इंच थी। उन्होंने बताया कि दो पशु चिकित्सकों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करने के बाद जला दिया गया है। उन्होंने बताया कि तेंदुए के शरीर में कई स्थानों पर नाखून के निशान और घाव थे जिसके चलते तेंदुए के आपसी संघर्ष में मारे जाने की पूरी संभावना है।