मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत शनिवार को मुख्य रूप से कसारदेवी में 10 बैड वाले उत्तरायण अस्पताल संस्था द्वारा बनाए गए चेरिटेबल अस्पताल का लोकार्पण करेंगे। प्रसिद्ध हार्ट सर्जन डा. ओपी यादव के प्रयासों से खोले जा रहे इस आधुनिक सुविधाओं वाले अस्पताल में गरीबी की रेखा से नीचे वाले रोगियों का मुफ्त में इलाज होगा।
उत्तरायण संस्था के अध्यक्ष और वरिष्ठ हार्ट सर्जन डा.ओपी यादव ने बताया कि कसारदेवी में नव निर्मित अस्पताल में रोगियों का आधुनिक पद्धति से इलाज किया जाएगा। वहां डायलेसिस सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी और टेलीमेडिसिन के माध्यम से दिल्ली से विशेषज्ञ डाक्टरों की राय लेकर गंभीर रोगियों का भी इलाज होगा। उन्होंने बताया कि गरीबी की रेखा से नीचे जीवन यापन करने वालों का निशुल्क इलाज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अस्पताल के बन जाने से अल्मोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
भविष्य में यहां सर्जरी और अन्य आपरेशन भी किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के कार्यक्रम से पूर्व शुक्रवार को उत्तरायण संस्था के तत्वावधान में शारदा पब्लिक स्कूल के सभागार में दोपहर बाद 2.30 बजे व्याख्यान माला आयोजित की गई है। इसमें मुख्य रूप से मिजोरम के पूर्व राज्यपाल एआर कोहली और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता नलिन शक्ति कांत कोहली के व्याख्यान होंगे। इसके अलावा भी कुछ अन्य विशेषज्ञ व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे। डा.ओपी यादव ने अधिक से अधिक लोगों से व्याख्यान कार्यक्रम में हिस्सा लेने का आह्वान किया है।