कौसानी / गरुड़(बागेश्वर)। छानी ल्वेशाल पंपिंग योजना में खराबी आने से कौसानी में दो दिन से पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इससे यहां के पर्यटन व्यवसाय पर विपरीत असर पड़ रहा है। होटल एसोसिएशन ने शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुचारु न होने पर कौसानी तिराहे पर जाम लगाने का एलान किया है।
पर्यटक नगरी कौसानी में पर्यटक सीजन शुरू हो गया है। जल संस्थान की अनेदखी के चलते यहां दो दिन से पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। कौसानी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष बबलू नेगी ने बताया कि जल संस्थान के जेई से पेयजल सप्लाई दुरुस्त करने के संबंध में कई बार कह दिया है। विभाग ने ग्रामीणों और होटल कारोबारियों की समस्या को आज तक गंभीरता से नहीं लिया है। जिसके चलते होटल कारोबारी नौलों से या फिर पेयजल टैंकरों से पानी मंगाने को मजबूर है। होटल एसोसिएशन ने ऐलान किया है कि पेयजल आपूर्ति शीघ्र नहीं की गई तो कौसानी के होटल कारोबारी कौसानी तिराहे पर चक्का जाम करने को मजबूर होंगे। जल संस्थान के अवर अभियंता अशोक भट्ट का कहना है कि पेयजल पंप में अचानक खराबी आने से पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। पंप को ठीक करने काम चल रहा है।