अल्मोड़ा। पुलिस इन दिनों गोद लिए गांवों में जागरूकता कार्यक्रम चलाते हुए ग्रामीणों को अपराध, घरेलू हिंसा की जानकारी देने के साथ उनकी अन्य समस्याओं का निराकरण भी कर रही है। बीते छह माह में पुलिस ने इन गांवों में गरीबों को राशन, कंबल, दरी का वितरण किया तो वहीं स्कूलों में बच्चों को ड्रेस, खेलकूद और लेखन सामग्री भी बांटी है। एसएसपी पी रेणुका देवी की पहल पर गोद लिए गांवों में मेडिकल शिविर भी लगाए जा रहे हैं।
इसी वर्ष 19 जनवरी को एसएसपी पी रेणुका देवी ने नई पहल करते हुए जिले के सौनार, शैल, बैगनियां, गौरी महर, फल्याट, बिशुवा, पनवाद्योखन, करगेत, धुधलिया मेहर, नट्टागुल्ली आदि दस गांवों को गोद लिया था। गोद लेने के बाद इन गांवों में क्षेत्र की पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। थाना प्रभारियों द्वारा गोद लिए गांवों में भ्रमण करने के साथ गोष्ठियां आयोजित कर स्कूलों में बच्चों के बीच कई तरह की प्रतियोगिताएं भी आयोजित कराईं। महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निशुल्क सिलाई प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।