अल्मोड़ा। रूस के वेडीवोस्टोक में चल रहे रसिया ओपन 2018 में उत्तराखंड की कुहू और रोहन की जोड़ी ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
उत्तरांचल बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव बीएस मनकोटी के मुताबिक मिश्रित युगल के क्वार्टर फाइनल में कुहू ने रोहन कपूर की भारतीय जोड़ी ने रसियन जोड़ी अंद्रेज लोगीनोव और लीलीय अबिबुलएवा को सीधे सेटों में 21-13 व 21-9 से हराकर सेमी फाइनल में जगह बनाकर अपना पदक पक्का कर लिया है। प्री क्वार्टर में कुहू और रोहन की जोड़ी ने रसिया के ही अलेक्से पनोव और पोलिना मकोवेवा की जोड़ी को आसानी से 21-10 और 21-14 से हराया। सेमी फाइनल में भारतीय जोड़ी की टक्कर मलेशिया की जोड़ी चेन तंग जेई और येन वी पेक से होगी। इधर कुहू के लगातार बेहतर प्रदर्शन पर उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अशोक कुमार और सचिव बीएस मनकोटी सहित सभी पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने खुशी जताई है।