अल्मोड़ा। आरतोला-जागेश्वर-नैनी मोटर मार्ग पर नालियों और सड़क पर अतिक्रमण करने वाले 27 व्यापारियों और लोगों को लोनिवि द्वारा नोटिस जारी करने से हड़कंप मचा हुआ है। लोनिवि ने इन लोगों को सात दिन का समय देते हुए स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। यदि इस अवधि में अतिक्रमणकारियों ने स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया तो लोनिवि द्वारा पुलिस और प्रशासन की मदद से अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसका खर्चा संबंधित अतिक्रमणकारी से वसूला जाएगा।
एसडीएम भनोली अवधेश सिंह, लोनिवि के एई श्याम दत्त पांडे, अपर सहायक अभियंता हरीश कनवाल ने गत दिनों आरतोला-जागेश्वर-नैनी मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क के किनारे, नालियों के ऊपर कई लोगों द्वारा अतिक्रमण किया हुआ पाया गया। खासकर जागेश्वर में कई लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। इधर लोनिवि द्वारा इन 27 लोगों को नोटिस जारी करने से हड़कंप मचा है।
इधर इनमें से मंगलवार को कुछ लोगों ने अतिक्रमण स्वयं हटा लिया है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता बीसी पंत का कहना है कि अतिक्रमण के चलते जहां पानी सड़क में बहने से गड्ढे भरान का काम नहीं हो पा रहा है वहीं सड़क संकरी होने से वाहनों और पैदल चलने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।