अल्मोड़ा। गर्मी बढ़ने के साथ ही जिला अस्पताल में रोगियों की संख्या बढ़ने लगी है। बीते दो दिनों में जिला अस्पताल के ओपीडी में मरीजों की काफी भीड़ रही। ज्यादा मरीज वायरल फीवर के अलावा उल्टी दस्त, पीलिया, टायफायड आदि बीमारियों के रहे। इस दौरान अस्पताल में दो काउंटरों में रोगियों की लाइन लगी रही।
जिला अस्पताल में शनिवार को 425 मरीज पहुंच चुके थे। नगर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों की भीड़ इतनी ज्यादा थी कि जिला अस्पताल में बीते एक जून को खुले दूसरे काउंटर में भी लोग लाइन में खड़े अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिये। गर्मी बढ़ने के साथ इन दिनों पीलिया और डायरिया के मरीज अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचने लगे हैं। खासकर डायरिया से प्रभावित एक दो मरीज हर रोज जिला अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं।
वरिष्ठ फिजिशियन डा. आरसी पंत ने बताया कि पीलिया के अलावा उल्टी दस्त के रोगी बढ़ने लगे हैं। उन्होंने बताया कि वर्षाकाल का समय होने के कारण इन दिनों दूषित पानी पीने और बासी भोजन करने से बीमारियां तेजी से फैलती हैं। उन्होंने बताया कि बदलते मौसम में लोगों को सचेत रहना चाहिए। उबला, फिल्टर किया हुआ पानी पीने के अलावा लोगों को ताजा भोजन करना चाहिए। बाजार का खुला और फास्ट फूड खाने से बचना चाहिए। इसके अलावा शरीर में किसी भी तरह की समस्या आने पर तुरंत अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।