अल्मोड़ा। वन वे व्यवस्था लागू होने के बाद पिछले करीब एक साल से अपर माल रोड में यातायात व्यवस्था नियंत्रण में है और यहां लोगों को जाम की समस्या से नहीं जूझना पड़ रहा है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से लोअर माल रोड में बार-बार जाम लगने की समस्या खड़ी हो रही है। सोमवार को भी लोअर माल रोड में काफी देर तक जाम लगा रहा।
अपर माल रोड में पिछले करीब एक साल से वन वे व्यवस्था लागू है जिससे यहां यातायात व्यवस्था ठीक रहती है और पर्यटन सीजन के दौरान भी जाम की समस्या नहीं रहती। पुलिस प्रशासन का ध्यान भी अपर माल रोड में ही अधिक रहता है लेकिन अब लोअर माल रोड में व्यवस्था चरमराने लगी है। लोअर माल रोड में कई गोदाम हैं और दूसरी तरफ लोग वाहनों को जहां-तहां खड़ा कर देते हैं। खा तौर पर इन दिनों सीजन के चलते लोअर माल रोड से होकर जाने वाले वाहनों की संख्या भी काफी अधिक हो गई है। सैकड़ों पर्यटक वाहन भी इसी सड़क से निकल रहे हैं। दूसरी तरफ अपर माल रोड में वन वे व्यवस्था लागू होने के बाद पांडेखोला स्थित न्यायालय जाने वाले अधिवक्ताओं और विकास भवन जाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और अन्य लोगों के वाहन भी लोअर माल रोड से ही गुजरते हैं। जिससे वहां इन दिनों बार-बार जाम लगने लगा है। लोगों की मांग की है सीजन के दौरान लोअर माल रोड में भी कुछ स्थानों पर पुलिस तैनात रखी जाए ताकि वहां वाहन सुव्यवस्थित ढंग से खड़े हों और जाम लगने की स्थिति में पुलिस मदद कर सके।
अपर माल रोड में वन-वे व्यवस्था के चलते लोअर माल रोड में वाहनों की भीड़ बढ़ी
सीजन के दौरान काफी संख्या में पर्यटक वाहन भी निकलते हैं इस रोड से