चौखुटिया (अल्मोड़ा)। कालीगाड़ गधेरे का स्थायी समाधान, सड़क में पड़े मलबे को हटाने और नाले की सफाई करने की मांग को लेकर गुस्साए दुकानदारों ने चांदीखेत बाजार में चक्काजाम कर दिया। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में एसडीएम के समझाने और जेसीबी के पहुंचने के बाद लोगों ने दो घंटे बाद जाम खोला। इससे पहले लोगों ने लोकनिर्माण विभाग और जल संस्थान के खिलाफ नारेबाजी की।
बुधवार देर शाम हुई चंद मिनटों की मूसलाधार बारिश के बाद उफनाए कालीगाड़ गधेरे के पानी और मलबे के चांदीखेत बाजार में घुसने से तमाम दुकानदारों के दुकानों और गोदामों में रखा लाखों का समान बर्बाद हो गया है। प्रशासन और लोनिवि द्वारा बृहस्पतिवार की सुबह तक चांदीखेत पहुंचकर समस्या के निदान की बात कही गई थी, लेकिन सुबह 9 बजे तक किसी अधिकारी और जेसीबी के न पहुंचने पर लोगों ने चक्काजाम कर दिया। जिसके चलते रामनगर, गढ़वाल से आने वाले वाहनों की दोनों तरफ लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंचे तहसीलदार सतीश बर्थवाल, थानाध्यक्ष रमेश सिंह बोहरा के समझाने पर भी लोग नहीं माने। बाद में मौके पर जेसीबी के पहुंचने और एसडीएम रजा अब्बास के समझाने पर लोगों ने ग्यारह बजे जाम खोला। दुकानदारों ने एसडीएम से नाले के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण को हटाने के साथ ही समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाले को चौड़ा करने की मांग की। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य गजेंद्र नेगी, शिवकुमार, राजेश अग्रवाल, गणेश कांडपाल, किसन संगेला, गिरीश गोस्वामी, जीवन नेगी थे।
सड़क में पड़े मलबे को हटाने और नाले की सफाई करने की मांग
एसडीएम के समझाने व जेसीबी के पहुंचने पर माने लोग
दुकानदारों का हुआ लाखों का नुकसान
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। गधेरे का पानी और मलबा घुसने से तमाम दुकानदारों का नुकसान हुआ है। नाले की जद में आए रमेश अग्रवाल की दुकान और गोदाम का पूरा माल बर्बाद हो गया है। कुबेर सिंह के गोदाम में फैलाए आलू बह गए हैं। देवराज टेलर की दुकान का कपड़ा, संगेला मिष्ठान भंडार में रखा सामान, शूज सेंटर, घनश्याम गार्मेंट्स में रखे कपड़ और जूते सहित करीब दो दर्जन दुकानदारों का नुकसान हुआ है। प्रभावित दुकानदार बृहस्पतिवार को दिनभर दुकानों का मलबा और पानी बाहर निकालने में जुटे रहे। स्थिति को देखते हुए पूरी सफाई में कम से कम एक हप्ते का समय लग सकता है। इधर मलबे से पूरी चांदीखेत बाजार की सड़क कीचड़ से लथपथ हो चुकी है। सड़क में दो पहिया वाहनों और पैदल चलने वालों के लिए खासी मुश्किल हो रही है।
अतिक्रमणकारियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। गधेरे के मुहाने पर जलसंस्थान के पाइपों का जाल भी समस्या का एक कारण है। एसडीएम रजा अब्बास ने मौके पर पहुंचे जल संस्थान के कनिष्ठ अभियंता से नाले से पाइपों को शीघ्र हटाने के लिए कहा है। उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों से नाले की पूरी सफाई करने और उसे गहरा करने के लिए भी कहा है। एसडीएम ने बाद में पूरे नाले का निरीक्षण करने के बाद कहा कि नाले में अतिक्रमण करने वालों अथवा उसमें मलबा डालने वालों को नहीं बख्शा जाएगा।