अल्मोड़ा। तीन दिन पूर्व मंगलवार को एलआरसाह रोड में बीएसएनएल परिसर में गिरा अग्निशमन विभाग का दमकल वाहन अब तक नहीं निकाला जा सका है। दमकल वाहन को निकालने के लिए तीन क्रेने लगाई गई थीं, लेकिन यहां पर सड़क संकरी होने के कारण वाहन को निकालने के सारे प्रयास विफल हो गए हैं। बृहस्पतिवार को लोनिवि के इंजीनियरों को बुलाकर सड़क तोड़ने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन बाद में निर्णय को बदलकर रुद्रपुर से एक और क्रेन बुलाकर वाहन को निकालने का निर्णय हुआ।
बृहस्पतिवार को अग्निशमन विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग और लोनिवि अधिकारी मौके पर पहुंचे और वाहन निकालने के प्रयास पर मंथन किया। इस दौरान सड़क तोड़कर दमकल वाहन को निकालने पर भी चर्चा हुई, लेकिन लोनिवि के अधिकारियों ने इससे इंकार कर दिया। जिसके बाद अग्निशमन विभाग ने रुद्रपुर से बड़ी क्रेन मंगाने की बात कही। मालूम हो कि बीते मंगलवार तड़के आग बुझाने जा रहा अग्निशमन विभाग का बड़ा वाहन एलआरसाह रोड में अनियंत्रित होकर बीएसएनएल के आवासीय परिसर में गिर गया था। इधर मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव ने बताया कि स्थानीय स्तर पर वाहन निकालने के सारे प्रयास किए गए हैं अब रुद्रपुर से क्रेन मंगाने का निर्णय लिया गया है। जल्द ही क्रेन मंगाकर बीएसएनएल परिसर में गिरे वाहन को निकाल लिया जाएगा।