अल्मोड़ा। सल्ट के जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत और ईडा के जिला पंचायत सदस्य नीरज कुमार ने जिला योजना में जिले के विकास कार्यों में आवंटित धन में लगातार कटौती करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले वित्तीय वर्ष मे अल्मोड़ा जिले की विकास योजना में 68 करोड़ की कार्य योजना स्वीकृत थी। वित्तीय वर्ष 2018-19 में करीब 41 करोड़ रुपये की कार्य योजना स्वीकृत है। पौड़ी जिले में जिला योजना 68 करोड़ की स्वीकृत की गई है और अल्मोड़ा जिले में सिर्फ 41 करोड़ की कोर्य योजना स्वीकृत की गई है। जबकि पौड़ी और अल्मोड़ा की भौगोलिक स्थिति एक जैसी ही है। जिले की विकास योजनाएं लगातार बाधित हो रही हैं।