अल्मोड़ा। जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान (डायट) अल्मोड़ा में पांच दिवसीय अंग्रेजी भाषा शिक्षण कार्यशाला शुरू हो गई है। प्राचार्य डा. राजेंद्र सिंह ने कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए कहा कि आज अंग्रेजी भाषा का शिक्षण अनिवार्य हो गया है। अंग्रेजी शिक्षा के चलते ही निजी विद्यालयों की ओर जनता आकर्षित हो रही है। राजकीय विद्यालयों में नामांकन वृद्धि के लिए अंग्रेजी को प्रोत्साहन देना अनिवार्य हो गया है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षणार्थी अंग्रेजी शिक्षण में विशेष ध्यान दें। डायट के प्रवक्ता गोपाल सिंह गैड़ा ने कहा कि अंग्रेजी भाषा के शिक्षण से शिक्षकों और बच्चों के आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि अंग्रेजी भाषा के शिक्षण में जिले के कुछ विद्यालय अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। जिससे छात्र संख्या में वृद्धि हुई है।
प्रवक्ता डा. हेम चंद्र जोशी ने कहा कि आधुनिक युग में अंग्रेजी शिक्षण के अभाव में शिक्षा अपूर्ण है। संचालन करते हुए डॉ. कामाक्षा मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक शनिवार को डायट क्लियरेंस डे और इंग्लिश स्पीकिंग डे मनाया जाएगा। इस मौके पर डा. प्रकाश पंत, जीजी गोस्वामी, ललित मोहन पांडे, डा. दीपा जलाल, डा. भुवन पांडे, दिनेश बिष्ट, पुष्पा बोरा, लता भोज, भगवत सिंह बिरौडिया, कुसुम राठौर, सुनीता मेहरा, बची सिंह, आशा शाह, विशन सिंह, नरेंद्र कुमार, किशोरी लाल मौजूद थे।