तेंदुलकर ने एकता के चुस्त क्षेत्ररक्षण को सराहा
अल्मोड़ा। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले भारत रत्न सचिन तेंदुलकर ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य अल्मोड़ा निवासी एकता बिष्ट के चुस्त क्षेत्ररक्षण के लिए ट्वीट किया है। महानतम बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर द्वारा एकता बिष्ट के क्षेत्ररक्षण की सराहना करने पर खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश धवन ने कहा कि एकता इस समय क्षेत्र रक्षण में सबसे फिट खिलाड़ी है। एकता के कोच लियाकत अली ने बताया कि 24 जून को खेले गए मैच का टर्निंग प्वाइंट ही एकता द्वारा इग्लैंड के बल्लेबाज को रन आउट करना था। उन्होंने बताया कि महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने पहली बार किसी महिला खिलाड़ी के क्षेत्र रक्षण को लेकर ट्वीट किया गया। उनका ट्वीट फेसबुक, वाट्सऐप में भी पसंद किया जा रहा है। खेल प्रेमियों को एकता बिष्ट से आगे के मैचों में भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। एकता के इस प्रदर्शन और तेंदुलकर द्वारा उनकी सराहना किए जाने पर उनके परिवार के अलावा एसोसिएशन के मनोज सनवाल, ललित लटवाल, बिट्टू कर्नाटक, जगदीश वर्मा, सौरभ वर्मा, टैनी वर्मा, सुनील साह, हेम तिवारी, मनोज पवार, मनीष जोशी, विनीत बिष्ट, दया पंत, आरएस पथनी, श्याम भट्ट, राजू तिवारी, धीरेंद्र मर्तोलिया, कमलेश तिवारी आदि ने खुशी जताई है।