108 एंबुलेंस और खुशियों की सवारी वाहन बदहाल
अल्मोड़ा। धौलादेवी ब्लॉक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी की 108 एंबुलेंस और खुशियों की सवारी वाहन बदहाल बने हुए हैं। वाहनों के टायर घिसे हुए हैं और स्टेपनी भी खराब है, लेकिन सेवा प्रदाता कंपनी इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी क्षेत्र के अलावा आसपास के इलाकों से काफी संख्या में रोगी उपचार कराने पहुंचते हैं। अस्पताल में सरकार द्वारा 108 एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई है। साथ ही अस्पताल में डिलीवरी कराने पर महिला और उसके नवजात बच्चे को घर तक पहुंचाने के लिए खुशियों की सवारी वाहन भी अस्पताल में उपलब्ध है, लेकिन पिछले काफी समय से यह दोनों वाहन खस्ताहाल बने हुए हैं। वाहनों के टायर घिसे हुए हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। साथ ही वाहनों की स्टेपनी भी दुरुस्त नहीं है। क्षेत्र में सड़कें बदहाल बनी हुई हैं, लेकिन किसी का ध्यान इस ओर नहीं है। अस्पताल के प्रभारी डॉक्टर बीबी जोशी ने बताया कि इस संबंध में सेवा प्रदाता कंपनी के जिला और राज्य स्तर के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।