चौखुटिया (अल्मोड़ा)। सोमवार को देर शाम आई आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट में तहसील क्षेत्र में 60 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अमित रतन ने बताया कि 60 संक्रमितों में से 52 संक्रमित झुडंगा गांव में मिले हैं। मंगलवार को ग्राम प्रधान सूरज सिंह के नेतृत्व में दयाल सिंह, नवीन बिष्ट आदि ने पूरे गांव में सैनिटाइजर का छिड़काव किया। सामाजिक कार्यकर्ता नंद किशोर आर्या ने घर-घर जाकर लोगों से कोरोना गाइडलाइन का पालन करते की सलाह दी।
स्वास्थ्य विभाग ने झुड़गा गांव के कोरोना संक्रमित 52 लोगों के लिए जरूरी दवाएं आदि के किट भिजवा दिए हैं। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि ऑक्सीमीटर आदि कुछ उपकरण उपलब्ध होते ही भिजवा दिए जाऐंगे। मासी पुलिस चौकी प्रभारी सुनील धानिक ने टीम के साथ झुडंगा जाकर दवा आदि के किट बांटने के साथ ही गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी। चौखुटिया में कोरोना के 90 सक्रिय मामले हैं। संक्रमितों की संख्या एकाएक बढ़ने से दिक्कतें हुई हैं। दवा वितरण टीम में स्टाफ नर्स ममता बोरा, एसआई दीपक सक्टा आदि थे।
कबडोली के प्रधान पटवाला का निधन
चौखुटिया। बेस अस्पताल अल्मोड़ा में भर्ती कबडोली के ग्राम प्रधान पूरन सिंह पटवाल का निधन हो गया है। उनके निधन पर प्रधान संगठन सहित तमाम प्रधानों व स्वास्थ्य विभाग कर्मियों ने शोक जताया है। मृतक की पत्नी गंगा पटवाल स्वास्थ्य विभाग में आशा फेसिलिटेटर हैं।