धौलछीना(अल्मोड़ा)। सरकारी स्कूलों में घटती छात्रों की संख्या को लेकर शिक्षा विभाग को अब चिंता सताने लगी है। विभाग अब सरकारी स्कूलों में अधिक से अधिक बच्चों को प्रवेश दिलाने के लिए जागरूकता जैसे कार्यक्रम चला रहा है। मंगलवार को श्री श्री मां आनंदमयी राइंका धौलछीना के छात्र-छात्राओं ने सरकारी स्कूलों में शत-प्रतिशत प्रवेश को लेकर क्षेत्र में जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से छात्र-छात्राओं और अध्यापकों ने ग्रामीणों से अपने बच्चों को सरकारी स्कूल में प्रवेश दिलाने की अपील की।
रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साह पूर्वक भाग लिया और हाथों में बैनर पोस्टर लेकर पूरे धौलछीना बाजार में भ्रमण किया। रैली का नेतृत्व करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य दया राम ने बताया कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को पुस्तकें, वर्दी, मिड डे मील, छात्रवृत्ति के साथ निशुल्क प्रवेश होता है। अभिभावकों को समझाया गया कि प्रशिक्षित अध्यापक बच्चों का सर्वांगीण विकास करने के लिए समय-समय पर अलग तरह के शिक्षण कार्य में भी अपना पूर्ण योगदान देते हैं।
इस दौरान छात्र छात्राओं ने शिक्षा ऐसी सीढ़ी है, जिससे चलती पीढ़ी है..., हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई मिलकर सब करें पढ़ाई..., पापा सुन लो विनय हमारी, पढ़ने की है उम्र हमारी..., मम्मी पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल जाकर नाम लिखाओ...आदि नारों से समाज को जाग्रत करने का प्रयास किया। रैली में जितेंद्र सिंह महरा, अशोक बनकोटी, राजेन्द्र प्रसाद शर्मा, रमेश जोशी, शांति टम्टा, दीपा आर्या, विमलेश आर्या, नंदन भाकुनी आदि शामिल थे।