अल्मोड़ा। दन्यां गैस एजेंसी द्वारा धौलादेवी विकासखंड में उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर का वितरण किया जाता है। एजेंसी द्वारा पांच किमी से लेकर 30 किमी दूरी पर रहने वाले उपभोक्ताओं से प्रति सिलिंडर समान रूप से 60 रुपये किराया वसूला जा रहा है। इससे उपभोक्ताओं में गैस विभाग के खिलाफ आक्रोश है।
उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर दूरी के हिसाब से गैस सिलिंडर का किराया तय करने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि दन्यां गैस एजेंसी से टकोली गांव पांच किमी की दूरी पर स्थित है। वहीं काभड़ी 10 किमी, मेलगांव 12 किमी, सल्पड़ 15 किमी, मयोली 20 किमी, बचपोला 25 किमी और आरा 30 किमी की दूरी पर स्थित है, परंतु गैस एजेंसी द्वारा पांच किमी से 30 किमी की दूरी पर रहने वाले उपभोक्ताओं से एक समान 60 रुपये लिए जा रहे हैं।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि जबकि दन्यां, दौलादेवी, बाराकूना आरै काफलीखान क्षेत्र में किराया दर तय करते हुए अधिकतम 15 रुपये लिए जा रहे हैं।
उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी से दन्यां-आरासल्पड़ मार्ग में दूरी के हिसाब से गैस किराया तय करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में धौलादेवी के ब्लॉक प्रमुख पीतांबर पांडे, काफड़ी की प्रधान तुलसी देवी, मेलगांव की प्रधान दीपा देवी आदि शामिल हैं।