सोमेश्वर। हुकम सिंह बोरा राजकीय महाविद्यालय सोमेश्वर छात्रसंघ के शिष्टमंडल ने प्राचार्य से मुलाकात कर कॉलेज की समस्याओं का समाधान करने की मांग उठाई। उन्होंने कॉलेज को स्नाकोत्तर का दर्जा दर्जा देने, कॉलेज को जोड़ने वाले मार्ग की दशा सुधारने की मांग की।
छात्रों ने बताया कि पिछले साल वार्षिकोत्सव में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. धन सिंह रावत ने मुख्य मार्ग से महाविद्यालय को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग को दुरुस्त करने का आश्वासन दिया था। लेकिन अब तक मार्ग की दशा नहीं सुधर पाई है। इसमें दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कॉलेज में नए विषय खोलने, एनसीसी का संचालन करने, आधुनिक कक्षाओं का निर्माण, स्नातकोत्तर में नए विषय खोलने और खेल मैदान निर्माण की मांग अधर में लटकी हुई है। शिष्टमंडल में छात्रसंघ अध्यक्ष ललित कुमार आर्य, रणवीर सिंह नयाल, दलीप कुमार, पवन पांडे, राजेश भट्ट, करन बिष्ट आदि शामिल थे।