रानीखेत (अल्मोड़ा)। पर्यटन नगरी के व्यापारी इन दिनों बंदरों और लावारिस जानवरों की समस्या से परेशान हैं। प्रशासन की ओर से इस समस्या के निराकरण को लेकर कोई पहल न किए जाने से व्यापार मंडल में भारी आक्रोश है। व्यापार मंडल ने तत्काल कैंट प्रशासन से इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
व्यापार मंडल महासचिव हर्ष पंत ने कहा कि बंदरों ने जहां दुकानदारों को परेशान कर रखा है, वहीं लावारिस जानवर भी दुकानों के अंदर घुसकर सामान पर मुंह मार रहे हैं। पूर्व में छावनी परिषद ने बंदर पकड़ने की कार्रवाई की, लेकिन यह प्रयोग सफल नहीं रहा। लावारिस जानवरों को भी गो सदन भेजने की कार्रवाई नहीं की जा रही है। नगर में फल बेच रहे लोगों को इनसे भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी तरफ कुंपुर लालकुर्ती, नगर क्षेत्र, चौबटिया, चिलियानौला सहित तमाम स्थानों पर लावारिस जानवर और बंदरों का आतंक बदस्तूर जारी है। कटखने बंदर अब तक कई लोगों को चोटिल कर चुके हैं। व्यापार मंडल ने अतिशीघ्र इस संबंध में सार्थक कार्रवाई करने की मांग उठाई है। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ब्यूरो