अल्मोड़ा। जिले में दिव्यांगों और किसानों को जून से अब तक पेंशन का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे लाभार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सरकार की ओर से समाज कल्याण विभाग के माध्यम से जरूरतमंदों को विभिन्न पेंशन दी जाती है ताकि उनको जीवनयापन में मदद मिल सके। जिले में दिव्यांग पेंशन के 5300 लाभार्थी और किसान पेंशन पाने वाले 1367 लाभार्थी हैं। पात्र दिव्यांग और किसान लाभार्थियों को सरकार प्रतिमाह एक हजार रुपये की पेंशन का भुगतान करती है। इन लाभार्थियों को जून से अब तक पेंशन नहीं मिल सकी है।
इस कारण लाभार्थियों को आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जिला समाज कल्याण अधिकारी जगमोहन कफोला ने बताया कि जून से किसान और दिव्यांग लाभार्थियों को पेंशन के लिए बजट उपलब्ध नहीं हो पाया है। शासन से पेंशन के लिए बजट की मांग की गई है। आशा है कि चालू माह में ही शासन से बजट उपलब्ध हो जाएगा। बजट उपलब्ध होने के बाद लाभार्थियों को पेंशन का भुगतान उनके खातों में कर दिया जाएगा।