अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा ने कहा है कि पुलिस को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पेट्रोलिंग, चेकिंग और बीड व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्मैक, चरस आदि का धंधा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही युवाओं को नशे की लत से दूर करने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
एसएसपी का चार्ज संभालने के बाद पहली बार पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसएसपी ने कहा कि अल्मोड़ा में पुलिस कर्मियों की अच्छी टीम मौजूद है और पुलिस व्यवस्था को चुस्त और प्रभावी बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने में यदि दिक्कत महसूस की गई तो सीपीयू का एक बार फिर से गठन किया जाएगा।
एसएसपी मीणा ने कहा कि पूर्व की एसएसपी पी रेणुकादेवी द्वारा शुरू किए गए अच्छे कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। मूल रूप से जयपुर राजस्थान निवासी मीणा 2012 बैच के आईपीएस हैं। इससे पहले वह देहरादून, रुड़की में एएसपी और तीन साल तीन माह तक रुद्रप्रयाग में एसपी रह चुके हैं। एसएसपी के रूप में उनकी यह पहली पोस्टिंग है। इस मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी कमल राम, एलआईयू प्रभारी संतोष बगडवाल, हेमा एठानी आदि मौजूद थे।