मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट की सबसे बड़ी गुलार-करगेत पेयजल योजना के पाइप लाइन फटने से चौथे दिन भी जलापूर्ति ठप रही। नए साल के पहले दिन एक दर्जन से अधिक गांवों में पानी नहीं आने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जल संस्थान ने प्रभावित शशिखाल क्षेत्र में पेयजल टैंकर से पानी वितरित किया।
टैंकर पहुंचने पर पानी लेने के लिए लोग टूट पड़े। अन्य स्थानों पर पेयजल टैंकर नहीं भेजा गया है, इससे लोगों में आक्रोश है।
सल्ट की सबसे बड़ी गुलार-करगेत पेयजल योजना का पाइप झिमार के पास शनिवार को फट गया था। इस कारण मौलेखाल, शशिखाल, हिनौला, जालीखान, कपड़ाढैया, जंतरा, घसकोट, शकरखोला, पोखरी, देवायल, करगेत आदि गांवों में चौथे दिन भी जलापूर्ति ठप रही।
नए साल के पहले दिन पानी नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीण दो से तीन किमी दूर स्थित जल स्रोत और हैंडपंपों से पानी ला रहे हैं। इधर जल संस्थान के जेई गौरव कुमार ने बताया कि पेयजल वितरण टैंक में पानी की आपूर्ति होने लगी है। बुधवार से प्रभावित क्षेत्र में जला पूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।