अल्मोड़ा। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने धांधली की शिकायतें मिलने के बाद अशासकीय इंटर कालेज खिरखेत में एलटी शिक्षकों और प्रवक्ताओं के पांच पदों के लिए चल रहे साक्षात्कार निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया है। शिक्षा मंत्री ने कहा है कि साक्षात्कारों में किसी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इन्हें पूरी पारदर्शिता के साथ कराया जाएगा।
बता दें कि बीते दिनों जिले के रानीखेत तहसील के अंतर्गत इंटर कालेज खिरखेत में अंग्रेजी, हिंदी, गणित, भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान के एलटी शिक्षकों और प्रवक्ता पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो गई थी। जानकारी के मुताबिक इस बीच कुछ लोगों ने नियुक्ति में धांधली की आशंका जताते हुए शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे सहित शासन के उच्चाधिकारियों को शिकायत की थी।
शिक्षा मंत्री ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियुक्ति प्रक्रिया को बीच में ही रुकवा दिया है। शिक्षा मंत्री ने कहा है कि आगे नियुक्ति प्रक्रिया अपर निदेशक माध्यमिक की निगरानी में कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि साक्षात्कारों में किसी भी तरह की अनियमितता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा।
इधर मुख्य शिक्षाधिकारी जगमोहन सोनी ने बताया है कि फिलहाल उच्चाधिकारियों के निर्देश पर साक्षात्कार स्थगित कर दिए गए हैं। बता दें कि अशासकीय विद्यालयों में नियुक्तियों में धांधली की शिकायतें मिलने के बाद प्रदेश की भाजपा सरकार ने 29 मार्च 2017 को नियुक्तियों पर रोक लगा दी थी। इधर नियुक्ति के नियमों में कई परिवर्तन करने के बाद सरकार ने 21 जून 2018 को नियुक्ति प्रक्रिया दोबारा शुरू करने के आदेश जारी किए, लेकिन कुछ स्थानों पर नियुक्तियों में फिर से धांधली की शिकायतें मिल रही हैं।