मौलेखाल (अल्मोड़ा)। जिला सहकारी बैंक की मौलेखाल शाखा में इंटरनेट नेटवर्क खराब रहने से ग्राहक परेशान है। दो दिनों से बैंक में कामकाज ठप पड़ा है। लेनदेन समेत अन्य कार्य नहीं होने से ग्राहकों को भारी दिक्कतों का सामना पड़ रहा है।
जिला सहकारी बैंक की मौलेखाल शाखा में भ्याड़ी, देवायल, हिनौला, काने, द्यौना, भिने, रिकवासी, सकरखोला, घचकोट, डंगुला, चमकना, खुमाड़, मौलेख, जालीखान, कालीगांव, खटलगांव, पैंसिया, झीपा, पिपना समेत क्षेत्र के अन्य गांवों के लोग लेनदेन के लिए आते हैं।
पिछले दो दिनों से बैंक में कनेक्टिविटी खराब होने से लेनदेन समेत अन्य कार्य ठप पड़े हैं। बैंक में न तो पैसे जमा हो रहे हैं और न ही ग्राहकों को नकदी का भुगतान हो रहा है। एटीएम भी बंद पड़ा है। इस कारण ग्राहक परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार बैंक के चक्कर काटने के बाद भी न तो धनराशि जमा हो रही है और न ही नकदी की निकासी हो रही है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द उनके कार्य नहीं हुए तो वह आंदोलन करने को बाध्य होंगे।