मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट तहसील के अंतर्गत काठ की नाव बाजार में एक रिजार्ट स्वामी द्वारा हैडपंप के लिए बोरिंग करने की सूचना मिलने पर ग्रामीण भड़क गए और उन्होंने मौके पर पहुंच कर हंगामा किया। ग्रामीणों के विरोध के बाद रिजार्ट स्वामी बोरिंग के लिए लाई गई मशीन वापस ले गए।
सल्ट समाज समिति के पदाधिकारियों ने एक रिजार्ट स्वामी और प्रधान पर मिली भगत कर काठ की नाव में अवैध रूप से बोरिंग करने का आरोप लगाया है। रिजार्ट स्वामी द्वारा बोरिंग के लिए काठ की नाव में मशीन मंगाई गई थी। जैसे ही इसकी सूचना समिति के लोगों को मिली वह मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने नारेबाजी कर विरोध शुरू कर दिया। समिति के विरोध के बाद रिजार्ट स्वामी बोरिंग के लिए मंगाई गई मशीन को वापस ले गए। इससे बाद मामला शांत हुआ। समिति के लोगों ने कहा कि काठ की नाव में किसी की कीमत में बोरिंग नहीं होने दी जाएगी। इससे आसपास के गांवों में जल आपूर्ति करने वाले स्रोतों सूख जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यदि इस स्थान पर पुन: बोरिंग करने का प्रयास किया गया तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे। समिति ने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मामले की जांच करने तथा काठ की नाव से बोरिंग हटाने की मांग की। विरोध जताने वालों में समिति के अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, कृपाल सिंह, सुभाष चंद्र, प्रेम सिंह, उत्तम सिंह, अरविंद सिंह, ज्ञान सिंह, लक्ष्मण सिंह, शिव सिंह, त्रिलोक सिंह, चंद्रशेखर, कल्याण सिंह आदि शामिल हैं।