मौलेखाल (अल्मोड़ा)। रचनात्मक महिला मंच सल्ट की थला में हुई बैठक में वक्ताओं ने एक मई से मरचूला में शराब का नया ठेका खोलने पर आंदोलन की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब का धंधा फल-फूल रहा है। शराबियों के आतंक के कारण राह चलने वाली महिलाओं को भारी दिक्कतें होती है। शराब का नया ठेका खुलने से क्षेत्र में नशाखोरी बढ़ जाएगी।
उन्होंने कहा कि मरचूला में पुलिस चौकी है लेकिन इसके बाद भी वहां धड़ल्ले से शराब का अवैध कारोबार हो रहा है। उन्होंने स्थानीय विधायक के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनाव के वक्त उन्होंने सल्ट और प्रदेश को शराब मुक्त बनाने का वादा किया था लेकिन सरकार एक मई से सल्ट में शराब के दो नए ठेके खोलने जा रही है। उन्होंने कहा कि मरचूला में शराब के नए ठेके खोलने का महिलाएं विरोध करेंगी।
उन्होंने पुलिस से अवैध शराब के धंधे में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। बैठक में भगवती देवी, शीला देवी, राधा देवी, रूपा देवी, अंजू देवी, मधुली देवी, सुमित्रा देवी, देवकी देवी, सिंदूरी देवी, मंजू देवी, बीना देवी, कांचुली देवी, रेखा देवी, दीपा देवी, अर्चना, तारा देवी आदि थे।