अल्मोड़ा। हर साल बढ़ने वाले जमीनों के दाम इस बार नहीं बढ़े हैं। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में पुराने सर्किल रेट पर ही जमीनों की रजिस्ट्री हो रही है। पूर्व में हर साल जनवरी में जमीनों के दाम बढ़ जाते थे, लेकिन वर्तमान में 2016 के सर्किट रेट ही लागू हैं।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जमीनों के सर्किल रेट अलग-अलग हैं। जहां शहरों में सर्किल रेट के दाम काफी ज्यादा हैं वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में यह शहरी क्षेत्र की अपेक्षा काफी कम हैं। जमीन खरीदने वालों के लिए राहत की बात है कि इस बार सर्किल रेट नहीं बढ़ने से वह पूर्व के तय दामों में ही जमीन खरीद और बेच सकते हैं। 2016 के अनुसार अल्मोड़ा नगर पालिका क्षेत्र में सर्किल रेट 4004 रुपये प्रति वर्ग मीटर है। ग्रामीण क्षेत्र में यह रेट 2002 रुपये प्रति वर्ग मीटर और अर्द्ध नगरीय क्षेत्र (नगर पालिका सीमा से लगे हुए गांव) में सर्किल रेट के दाम 2804 प्रति वर्ग मीटर है।
हालांकि पूर्व में सर्किल रेट दो साल में बढ़ते थे। बाद में हरीश रावत की सरकार आई तो उन्होंने हर साल सर्किल रेट बढ़ाने का निर्णय लिया, लेकिन तब भी हर साल दाम नहीं बढ़ाए जा सके थे। इस बार सर्किल रेट जनवरी में बढ़ने थे, लेकिन वर्तमान सरकार के समय भी जमीनों के सर्किल रेट नहीं बढ़े। निबंधक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इस बार जनवरी में सर्किल रेट नहीं बढ़ाए गए हैं और वर्ष 2016 के रेट ही मान्य हैं।